Dehradun नगर निगम का 27वां स्थापना दिवस

देहरादून नगर निगम का 27वां स्थापना दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे। कार्यक्रम में देहरादून के प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक विनोद चमोली, विधायक उमेश शर्मा काऊ और देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल भी उपस्थित रहे। समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने 45 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा E–ऑफिस की भी लॉन्चिंग की।

मीडिया से बातचीत में सीएम धामी ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि देहरादून नगर निगम अपने 28वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने नगर निगमवासियों, महापौर और नगर आयुक्त को शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने आगामी चुनौतियों की ओर संकेत करते हुए कहा कि जल्द ही दिल्ली–देहरादून एलिवेटेड रोड शुरू होने से राजधानी में जनसंख्या दबाव बढ़ेगा। एयरपोर्ट, आईएसबीटी और रेलवे स्टेशन से लाखों यात्री देहरादून पहुंचते हैं, ऐसे में शहर को सुरक्षित रखना नगर निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सीएम ने आशा जताई कि नगर निगम आगे भी इसी तत्परता से काम करता रहेगा और हरित दूनस्मार्ट सिटी के निर्माण में कोई कमी नहीं छोड़ेगा।