उत्तराखंड में सत्र शुरू होते ही छात्रों को मिलेंगी मुफ्त किताबें

उत्तराखण्ड के सरकारी और अशासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है। शिक्षा विभाग ने नए शैक्षणिक सत्र से पहले ही मुफ्त पाठ्य पुस्तकों और कॉपियों की आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी पूरी कर ली है। विभाग का लक्ष्य है कि इस बार विद्यार्थियों को सत्र की शुरुआत में ही किताबें उपलब्ध करा दी जाएं।

पिछले वर्षों में किताबों के वितरण में देरी की शिकायतें सामने आती रही थीं। कई विद्यार्थियों को छह से सात महीने तक इंतजार करना पड़ा था, जिससे पढ़ाई प्रभावित हुई थी। इस बार विभाग ने दावा किया है कि ऐसी स्थिति नहीं बनने दी जाएगी।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वितरण प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए। वहीं, परियोजना निदेशक दीप्ति सिंह के अनुसार चरणबद्ध योजना तैयार की गई है, जिसके तहत जिलों के गोदामों से विकासखंड स्तर तक और वहां से स्कूलों में समय पर पुस्तकें पहुंचाई जाएंगी।

विभाग का दावा है कि इस बार करीब 10 लाख छात्र-छात्राओं को किताबों के साथ मुफ्त कॉपियां भी दी जाएंगी, ताकि नए सत्र की पढ़ाई बिना किसी व्यवधान के शुरू हो सके।