उत्तराखंड आपदा राहत के लिए L&T ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए ₹5 करोड़, मुख्यमंत्री धामी ने जताया आभार!

नई दिल्ली में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की और प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों की सहायता एवं पुनर्वास कार्यों के लिए ₹5 करोड़ की सहायता राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में प्रदान की।

मुख्यमंत्री धामी ने एलएंडटी के इस सराहनीय सहयोग के लिए कंपनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में कॉर्पोरेट सेक्टर का योगदान राज्य सरकार के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और निजी क्षेत्र की सहभागिता से इन कार्यों में और तेजी आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड एक आपदा संवेदनशील राज्य है, जहां सरकार ने आपदा प्रबंधन और राहत तंत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। इस अवसर पर एलएंडटी समूह के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।